गणतंत्र दिवस पर इतिहास रचा: लखनादौन तहसील के राजस्व विभाग की पहली जागरूकता झांकी

26 Jan, 2026 69 व्यूज
Main Photo
सिवनी/लखनादौन।नायक दर्पण
गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ पर सिवनी जिले की 112 वर्ष पुरानी लखनादौन तहसील में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। पहली बार राजस्व विभाग ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता से जुड़ी झांकियां तैयार कर नगर में भव्य रैली के माध्यम से प्रस्तुत कीं।
तहसील के समस्त पटवारियों एवं आदेगांव सर्किल के राजस्व निरीक्षक देवलाल नेताम के मार्गदर्शन में तैयार की गई इन झांकियों के माध्यम से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और शासन की योजनाओं को आमजन तक सरल भाषा में पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पहली झांकी में खेतनुमा आकृति बनाकर ETSM मशीन से सीमांकन कार्य तथा फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसमें पटवारी की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं दूसरी झांकी में स्वामित्व योजना को समझाने हेतु झोपड़ियों के माध्यम से आबादी क्षेत्र दर्शाया गया, चूना डालने के बाद ड्रोन सर्वे की प्रक्रिया को दिखाया गया। इस संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी माइक के माध्यम से आम नागरिकों को दी गई।
राजस्व विभाग की इस अनूठी पहल का उद्देश्य न केवल जनता को जागरूक करना था, बल्कि शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना भी रहा। गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत इन झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और राजस्व विभाग की सोच व मेहनत की सराहना भी हुई।