महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल सरेखा में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ 77वां गणतंत्र दिवस

27 Jan, 2026 280 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल सरेखा, बालाघाट में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। देश के शौर्य, पराक्रम और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए विद्यालय प्रांगण में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सर्वप्रथम विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, माता सावित्रीबाई फुले एवं सीमा के प्रहरी वीर सैनिकों की आकर्षक झांकियों के माध्यम से बच्चों ने समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए ग्राम सरेखा का भ्रमण कर पुनः विद्यालय प्रांगण पहुंची।
विद्यालय प्रांगण में प्रातः 8 बजे शाला परिवार, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, संस्था प्रमुखों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों की उपस्थिति में मरार माली समाज सरेखा मंडल के अध्यक्ष श्री हीरालाल मराठे द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रसाद एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया।
दोपहर 12 बजे से गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शाला स्तर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना को जीवंत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, पारितोषिक एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के संचालक श्री सनतराम पांचे ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानपाठक श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों, पदाधिकारियों एवं कार्यक्रम के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आगामी गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की।