क्रेटा कार की जोरदार टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत। देवगांव नदी के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
30 Jan, 2026
1,320 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
===================
किरनापुर थाना अंतर्गत परसवाड़ा क्षेत्र के देवगांव नदी के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा आज करीबन सुबह 11 बजे उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तत्काल उपचार के लिए किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान संजय कुसम (29 वर्ष) निवासी सक्रिटोला तथा रेखलाल पंद्रे (28 वर्ष) निवासी बोरबंद के रूप में हुई है। दोनों युवक किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी देवगांव नदी के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही किरनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्रेटा कार को जब्त कर लिया है तथा वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!