बालाघाट जिले में पहली बार लॉयड मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड का कैंपस चयन, सतपुड़ा इंजीनियरिंग कॉलेज के 6 छात्र चयनित
30 Jan, 2026
35 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
बालाघाट जिले में पहली बार प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी लॉयड मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड, हेडरी सुरजागढ़ (जिला गडचिरोली, महाराष्ट्र) द्वारा सतपुड़ा इंजीनियरिंग कॉलेज, मांझापुर बालाघाट के परिसर में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। यह कैंपस चयन 29 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ, जिसमें माइनिंग, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल शाखा के डिप्लोमा एवं बीटेक अंतिम वर्ष में अध्ययनरत तथा उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम की शुरुआत में कंपनी से पधारे प्रतिनिधियों का कॉलेज प्रबंधन की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, सीईओ श्री मितेश शुक्ला, प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. जी.एन. भूरे, फिरोज मंसूरी एवं श्री छबेश परिहार शामिल रहे।
प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुई चयन प्रक्रिया में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कंपनी प्रतिनिधियों में श्री सब्यसाची मिश्रा (जीएम-मैकेनिकल), श्री दीपक कुमार सिंह (जीएम-माइनिंग), श्री जी. मोहनरंजन (डीजीएम-इलेक्ट्रिकल), श्री वेल्लिमलाई पलानीसामी (सीनियर मैनेजर-सिविल), श्री अभिषेक ठाकरे (सीनियर ऑफिसर-एचआर) एवं श्री युवराज कैकाडे (एमटी-एचआर) उपस्थित रहे।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत सर्वप्रथम विद्यार्थियों की कंप्यूटर आधारित सामान्य योग्यता परीक्षा ली गई, जिसमें गणित एवं तकनीकी ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके पश्चात सफल विद्यार्थियों की सामूहिक चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) के माध्यम से उनके कौशल, अनुभव एवं व्यक्तित्व का आकलन किया गया। अंतिम चरण में व्यक्तिगत साक्षात्कार लेकर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
सभी चरणों में सफल रहे 6 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जिनमें मैकेनिकल शाखा से 3, माइनिंग शाखा से 2 तथा इलेक्ट्रिकल शाखा से 1 छात्र शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा जॉइनिंग लेटर प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कैंपस प्लेसमेंट के सफल आयोजन पर विद्यार्थियों ने कॉलेज के डायरेक्टर मंडल एवं प्राचार्य महोदय के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं संस्था के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!