सर्ववर्गीय सेन समाज की बैठक आयोजित...समाज उत्थान को लेकर बनी ठोस रणनीति...सिद्धपीठ मठ मंदिर में हुआ मंथन..

31 Jan, 2026 33 व्यूज
Main Photo
सिवनी। नायक दर्पण
सर्ववर्गीय सेन समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन सिवनी नगर स्थित सिद्धपीठ मठ मंदिर में किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर जिले के प्रत्येक ब्लॉक में संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा सामाजिक जनों को एक मंच पर संगठित किया जाएगा। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहयोग, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं बनाने का सुझाव भी दिया गया। साथ ही समाज में एकता बनाए रखने, उपजातियों के बीच समन्वय बढ़ाने और हर वर्ग को साथ लेकर चलने पर विशेष बल दिया गया।
समाज के वरिष्ठजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से ही समाज की पहचान सशक्त होगी और नई पीढ़ी को सही दिशा मिलेगी। बैठक में आगामी समय में प्रतिभा सम्मान समारोह, समाज विकास कार्यक्रम एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया।
अंत में उपस्थित समाजजनों ने एकजुट होकर समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया और आगामी आयोजनों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।