मतदान है अधिकार हमारा” के नारे से गूंजा चांगोंटोला

31 Jan, 2026 14 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
लामता महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम चांगोंटोला में सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के चतुर्थ दिवस 31 जनवरी 2026 को प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने “मतदान है अधिकार हमारा” जैसे नारों के माध्यम से लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के उपरांत ग्राम चांगोंटोला के चौक में साफ-सफाई कर स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान किया गया। इसके बाद मतदान जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे पूरे ग्राम में भ्रमण कराया गया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम से प्लास्टिक व पॉलीथिन एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश देते हुए सरपंच महोदय एवं ग्राम पंचायत चांगोंटोला को सौंपा। इसी क्रम में चौक में राष्ट्रीय सेवा योजना लामता इकाई द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें मतदान का महत्व एवं सही मतदाता चयन की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। दोपहर के बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार लामता श्री दशवंत सिंह मेरावी, सरपंच ग्राम चांगोंटोला श्री प्रमोद कुमार ठाकरे तथा जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री विनोद बोथरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय परिवार से डॉ. अनिल कुमार चौरे (अर्थशास्त्र विभाग) एवं डॉ. कृष्ण सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयंसेवक अमित धामड़े ने की।
मुख्य अतिथि तहसीलदार श्री मेरावी द्वारा एसआईआर (SIR) से संबंधित जानकारी प्रदान करते हुए मतदान के अधिकार एवं उसकी अनिवार्यता पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु मतदान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डुलेश्वरी टेंभरे के मार्गदर्शन में शिविर नायक हरेंद्र, शिविर प्रभारी निरंजन राहंगडाले एवं वरिष्ठ स्वयंसेवकों द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।