वाहन चेकिंग में बड़ी कार्रवाई, 6 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

05 Feb, 2026 39 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवेगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब 6.060 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नवेगांव पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। दिनांक 04 फरवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे थाना नवेगांव पुलिस द्वारा विद्यागाँव–भमोडी मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे बैग से 6.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वैद्यकाश सेनिक पिता नेतराम सेनिक उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम कायदी थाना वारासिवनी जिला बालाघाट बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है वहीं मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवेगांव सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।