मिरेगांव में 'श्री ग्रामेश्वर महादेव' मंदिर का भूमिपूजन संपन्न, विधि-विधान से रखी गई आधारशिला

14 Feb, 2026 133 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
मिरेगांव के हनुमान चौक स्थित मिरेगांव में शनिवार को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ 'श्री ग्रामेश्वर महादेव' मंदिर निर्माण हेतु भूमिपूजन और आधारशिला स्थापना कार्यक्रम संपन्न हुआ। पंडित राधेश्याम शुक्ला के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर मंदिर की नींव रखी गई।

महिलाओं की आस्था का रखा गया विशेष ध्यान
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
​समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मंदिर निर्माण के पीछे एक विशेष प्रसंग जुड़ा है। विगत शारदेय नवरात्रि के दौरान एक बालक पर 'बाल हनुमान' की सवारी आई थी, जिसके माध्यम से यह संकेत मिला था कि हनुमान मंदिर परिसर स्थित शिवलिंग पर महिलाओं का प्रवेश और पूजन वर्जित रहेगा। ​चूंकि महिला श्रद्धालु महादेव की पूजा-अर्चना को लेकर अत्यंत भावुक थीं, इसलिए उनकी विशेष मांग और सुविधा को देखते हुए समस्त ग्रामवासियों ने बैठक कर एक स्वतंत्र महादेव मंदिर के निर्माण का निर्णय लिया। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु 'श्री ग्रामेश्वर महादेव समिति' का गठन किया गया।

​हवन-पूजन और महाप्रसाद का वितरण
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
​शनिवार शाम 04 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हवन-पूजन किया गया। आधारशिला रखने के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व के उपलक्ष्य में ही भूमिपूजन का यह शुभ मुहूर्त चुना गया था।
​इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मातृशक्ति व ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि शीघ्र ही भव्य मंदिर का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा।