नशा तस्करी पर कोतवाली पुलिस का प्रहार: 2.1 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार।
16 Feb, 2026
37 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 40 हजार रुपये मूल्य का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देशन में शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
बस स्टैंड क्षेत्र में संदिग्ध की पहचान घटना 15 फरवरी 2026 की है जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस की टीम शहर में सुरक्षा व्यवस्था एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक ने घबराकर वहां से निकलने का प्रयास किया जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक का पीछा किया और उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसके बैग की तलाशी ली गई।
बैग से बरामद हुआ 2.1 किलो गांजा
••••••••••••••••••••••••••••••••••
तलाशी के दौरान युवक के पास से 2.1 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 84/26 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
•••••••••••••••••••••••••••••••••
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेजराम वर्मा पिता मोहर सिंह वर्मा, निवासी घाट परासिया, थाना कुण्डीप्रा, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2023 में थाना कुण्डीप्रा, जिला छिंदवाड़ा में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बालाघाट क्षेत्र में अवैध गांजा खपाने की फिराक में था। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
••••••••••••••••••••••••••••••••
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कामेश धूमकैती के नेतृत्व में उप निरीक्षक गौरव धुर्वे, प्रधान आरक्षक गजेंद्र माटे, प्र.आर. कमलेश (990), आरक्षक दीपक साकरकर, आरक्षक पदम उइके, आरक्षक जयपाल सिरसाम एवं आर. शेखर बनोटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशा मुक्त समाज की ओर पहल
••••••••••••••••••••••••••••••••
बालाघाट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि समाज के सहयोग से ही इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!