एकल अभियान की जिला स्तरीय सत्संग प्रतियोगिता में केवलारी बनी विजेता

17 Feb, 2026 20 व्यूज
Main Photo
सिवनी। नायक दर्पण
एकल अभियान की (अंचल) जिला स्तरीय सत्संग प्रतियोगिता का आयोजन डी.पी. कॉलेज के पास स्थित कृष्णम गार्डन में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 11 संच—आदेगाँव, लखनादौन, धूमा, शिकारा, केवलारी, धनौरा पलारी, धनोरा, घंसौर, मुंगवानी और छपारा—से आई मंडलियों ने अपनी-अपनी भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में जज की भूमिका निभा रहे चार निर्णायकों ने सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए केवलारी संच की मंडली को विजेता घोषित किया। विजेता मंडली अब 27 फरवरी को संभाग स्तर पर जबलपुर में अपनी प्रस्तुति देगी।
प्रतियोगिता के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों के साथ शील्ड, प्रशस्ति पत्र और सांत्वना पुरस्कार भी सभी मंडलियों को प्रदान किए गए। आयोजकों द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर डॉ. के. के. चतुर्वेदी, डॉ. राजेंद्र बघेल, शंकर दहिया, चंद्रशेखर सनोडिया, ठाकरे जी, राकेश नागफासे, शरद दुबे, निलेश चौधरी, परशुराम बघेल सहित भाग टोली, अंचल टोली व विभिन्न संचों से आई समितियों के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जिले में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।