महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल में भावुक माहौल में सम्पन्न हुआ विदाई समारोह। कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाओं संग दी गई यादगार विदाई।

17 Feb, 2026 56 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
सरेखा स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल में मंगलवार 17 फरवरी 2026 को कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, कनिष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति ने वातावरण को आत्मीयता और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाजों के साथ की गई। कनिष्ठ छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ साथियों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर तथा आरती उतारकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भावनाओं से सराबोर नजर आया। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके पश्चात कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए अपने अनुभवों, शिक्षकों से मिले मार्गदर्शन और सहपाठियों के साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया। कई विद्यार्थियों ने भावुक शब्दों में अपने स्कूल जीवन की स्मृतियों को व्यक्त किया, जिससे उपस्थित सभी लोग भावुक हो उठे। छात्रों ने कहा कि विद्यालय ने उन्हें न केवल शिक्षा दी, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का भी पाठ पढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। छात्र-छात्राओं द्वारा समूह नृत्य, गीत, कविता पाठ एवं चुटकुलों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को जीवंत बना दिया और उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह संस्था के संचालक श्री सनतराम पांचे ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह विदाई अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों को आगे की पढ़ाई में निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी।
विद्यालय के प्रधानपाठक श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए गुरुजनों का सम्मान, समय का सदुपयोग और निरंतर अध्ययन आवश्यक है। आगामी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर एकाग्रचित्त होकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी क्रमशः अपने आशीर्वचन दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार सदैव उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता रहेगा। शिक्षकों ने बताया कि यह संस्था आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य द्वारा सामूहिक रूप से केक काटा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह के रूप में लंच बॉक्स प्रदान किए गए तथा स्वल्पाहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच हुआ। विदाई समारोह ने न केवल छात्रों के विद्यालयीन जीवन की मधुर स्मृतियों को ताजा किया, बल्कि उन्हें आगामी शैक्षणिक यात्रा के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा भी प्रदान की।