देव संस्कृति फाउंडेशन द्वारा सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित
19 Feb, 2026
83 व्यूज
कुरई/सिवनी नायक दर्पण
नवांकुर संस्था देव संस्कृति फाउंडेशन द्वारा सेक्टर सुकतरा, विकासखंड कुरई, जिला सिवनी के ग्राम बिहिरिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में सेक्टर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद सिवनी के जिला समन्वयक श्री सौरभ शुक्ला के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक समन्वयक कुरई श्री कुलदीप सिंह ठाकुर की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता देव संस्कृति फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रंजीत रानू साहू ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन के साथ किया गया। बैठक में उपस्थित विभिन्न ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने अपने-अपने ग्रामों में किए गए पिछले माह के कार्यों का क्रमवार विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कलबोड़ी, मोहगांव सड़क, सुकतरा, छीतापार, सारसडोल, सिललोर, परतापुर एवं गोंडेगांव सहित अन्य ग्रामों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समितियों को सशक्त बनाना तथा उनके कार्यों का विधिवत दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करना था।
इस दौरान स्वदेशी अपनाने, जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा एवं संस्कार, ग्राम विकास योजनाओं और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सेक्टर स्तर पर ग्राम सारसडोल में नर्सरी तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री कुलदीप सिंह ठाकुर ने कहा कि सभी प्रस्फुटन समितियों को आगामी माह की स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर कार्य करना चाहिए। सभी समितियों ने अगले माह स्वच्छता अभियान चलाने का प्रस्ताव पारित किया।
अध्यक्ष श्री रंजीत रानू साहू ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों पर जल प्याऊ केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव श्री अशोक शिववेदी ने किया। बैठक में श्रीमती गौरी विश्वकर्मा, शशि चंदेल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता चंदेल, सुनीता बरमैया, केवल सिंह रहांगडाले, दिलीप रजक, गोकल प्रसाद चक्रवर्ती, रश्मि सरयाम, कुमारी रोशनी सरेआम, मेंटर विशाल कुमार नागवंशी, काशीराम पंचेश्वर, गिरीन चौरसिया, मनीषा उइके सहित अनेक गणमान्य सदस्यों की सराहनीय उपस्थिति रही।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!