छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती सर्किल स्तर पर धूमधाम से मनाई गई

20 Feb, 2026 50 व्यूज
Main Photo
सिवनी। नायक दर्पण
कुर्मी क्षत्रिय समाज सिवनी द्वारा इस वर्ष भी छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम मंगल भवन में समाज के अध्यक्ष श्री रमेश सनोडिया की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सनोडिया ने बताया कि इस बार समाज ने एक नई पहल करते हुए जयंती समारोह को सर्किल स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया, जिसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। प्रत्येक सर्किल में युवाओं के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
शिक्षा को बनाया विकास का आधार
कार्यक्रम का मुख्य विषय कुर्मी क्षत्रिय समाज के समकालीन विकास पर केंद्रित रहा। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सम्मेलन किसी की आलोचना के लिए नहीं, बल्कि समाज की उन्नति और नई दिशा तय करने के लिए होते हैं। समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा है। कृषि परंपरा से जुड़े समाज को अब व्यावसायिक एवं आधुनिक शिक्षा में अग्रणी बनने की आवश्यकता है, ताकि हर परिवार का प्रत्येक सदस्य सशक्त बन सके।
राजनीतिक जागरूकता और सामाजिक सुधार पर जोर
अध्यक्ष श्री रमेश सनोडिया ने समाज की राजनीतिक एकजुटता, आत्मनिर्भरता और स्पष्ट दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पहले समाज को शिक्षित और संगठित होना होगा। साथ ही व्यसनमुक्ति अभियान चलाने का आह्वान किया गया। युवाओं और महिलाओं से नशाखोरी के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।
16 सर्किलों में सफल आयोजन
सिवनी सर्किल के 16 स्थानों—सिमरिया, बोरदई, बम्होड़ी, आमागढ़, कोहका, गोपालगंज, चक्कीखमरिया, कतलवोडी, भानडरपुर, फुलारा, हथनापुर, मंगवानी, चदौरी, हिनोतिया, जमुनपानी सहित अन्य क्षेत्रों—में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। बड़ी संख्या में युवाओं और वरिष्ठजनों की उपस्थिति ने सामाजिक एकजुटता का सशक्त संदेश दिया।