मनयार बाबाधाम में 8वें वर्ष गूंजेगी प्रभु श्रीराम की महिमा 🔸 21 फरवरी से 2 मार्च तक श्री रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन
21 Feb, 2026
111 व्यूज
कान्हीवाड़ा (सिवनी)। नायक दर्पण
धार्मिक आस्था और भक्ति भाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिवनी जिले के श्री सिद्ध मनयार बाबा धाम (जुर्तरा–पिपरिया–सहजपुरी के मध्य) में श्री रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 फरवरी 2026 से 2 मार्च 2026 तक संपन्न होगा।
आयोजन के 8वें वर्ष में एक बार फिर क्षेत्र में प्रभु श्रीराम की महिमा गूंजेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ 21 फरवरी 2026 को भव्य यज्ञ के साथ होगा। यज्ञाचार्य श्री संतोष पाठक जी महाराज (बहोरिबंध, मैहर) के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ संपन्न कराया जाएगा।
इसके पश्चात 23 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा वाचन परम पूज्य श्री प्रद्युम्नदास जी महाराज, मवई (कटनी) द्वारा किया जाएगा, जो अपने ओजस्वी प्रवचनों एवं संगीतमय शैली के लिए विख्यात हैं।
आयोजन समिति के अनुसार इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार, मानव जीवन को संस्कारित करना तथा लोककल्याण की भावना को प्रबल करना है।
कार्यक्रम का समापन 2 मार्च 2026 को पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद भंडारे के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
ग्राम जुर्तरा, पिपरिया एवं सहजपुरी सहित आसपास के समस्त क्षेत्रवासी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। विभिन्न समितियों का गठन कर तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!