कलेक्टर निवास के बाजू में भी खतरनाक ट्रांसफॉर्मर, जिम्मेदार बेखबर

22 Feb, 2026 106 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण
नगर के कई रिहायशी इलाकों में खुले में लगे जीर्ण-शीर्ण ट्रांसफॉर्मर कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि एक ट्रांसफॉर्मर कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के सरकारी आवास के बाजू में ही खुले में जर्जर हालत में लगा हुआ है। इस ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर न तो फेंसिंग है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम।
स्कूल छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों की जान खतरे में...
जिस मार्ग से स्कूली छात्र-छात्राएं और स्टेडियम जाने वाले खिलाड़ी रोजाना गुजरते हैं, वहीं पर यह खतरनाक ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। ट्रांसफॉर्मर में लटके तारों में कई तार खुले हुए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फ्यूज और कनेक्टर भी कम ऊंचाई पर लगे हैं, जहां तक कोई बच्चा भी आसानी से पहुंच सकता है।
बाजार क्षेत्र में भी खतरा, दुकानदारों की मजबूरी...
शहर के बाजार क्षेत्र में भी कई ट्रांसफॉर्मर दुकानों के सामने लगे हुए हैं। बाजार में दिनभर भीड़भाड़ रहती है, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते खुले तारों वाले ट्रांसफॉर्मर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। दुकानदार रोजी-रोटी के लिए दुकान खोलने को मजबूर हैं, जबकि खतरा हर समय मंडरा रहा है।
विभाग की अनदेखी से बढ़ रहा खतरा...
शहर को बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए ये ट्रांसफॉर्मर अब सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण मौत के फंदे साबित हो सकते हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बिजली विभाग तुरंत इन ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत कर उचित फेंसिंग और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले स्थिति को संभाला जा सके।
अब सवाल यह है कि आखिर कब जागेगा बिजली विभाग..?