राधा–कृष्ण प्राण-प्रतिष्ठा पर भव्य शोभायात्रा.. हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता, नगर भर में हुआ ऐतिहासिक स्वागत
22 Feb, 2026
14 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
श्री द्वारकाधीश मंदिर में आयोजित राधा–कृष्ण मूर्ति विग्रह प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के अंतर्गत रविवार 22 फरवरी को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ सिद्ध शिवपीठ मठ मंदिर से विधि-विधान एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
शोभायात्रा के पूर्व द्वारिका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद जी महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर अग्रिपीठ रामकृष्णानंद जी, दंडी स्वामी दामोदरानंद तीर्थ एवं राघवानंद तीर्थ, ब्रह्मचारी सुबोधानंद जी तथा कथा व्यास गीता मनीषी निर्विकल्प स्वरूप जी महाराज की उपस्थिति में भगवान शिव का पूजन किया गया।
धर्मध्वजाओं और कलश यात्रा से अलौकिक दृश्य..
शोभायात्रा में एक हजार से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश धारण किए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। धर्मध्वजाओं, घंटा-घड़ियाल, घोड़े, व्यायामशाला दल, शिव–पार्वती एवं राधा–कृष्ण की आकर्षक झांकियों से सुसज्जित रथों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन एवं केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र के प्रमुखजन यात्रा में शामिल हुए।
नगर के विभिन्न स्थलों पर भव्य स्वागत...
मठ मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई शोभायात्रा का नगर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं मंदिर समितियों द्वारा पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। नगरपालिका चौक, मारुति मंदिर, दुर्गा मंदिर, बालरूप हनुमान मंदिर, गिरिजा कुंड सहित अनेक स्थानों पर समाजों एवं व्यापारियों ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
शंकराचार्य चौक पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ। आयोजन समिति के सुव्यवस्थित प्रयासों से यह शोभायात्रा ऐतिहासिक बन सकी।
21 से 28 फरवरी तक धार्मिक आयोजन...
उल्लेखनीय है कि 21 से 28 फरवरी तक द्वारकाधीश मंदिर में राधा–कृष्ण प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के अंतर्गत विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। 21 फरवरी से गीता मनीषी निर्विकल्प स्वरूप जी महाराज के व्यासत्व में भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ भी हो चुका है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!