महाकालेश्वर मंदिर से होगा सात दिवसीय बेटी महोत्सव का शुभारंभ... बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ अभियान को मिलेगा नया आयाम

23 Feb, 2026 12 व्यूज
Main Photo
सिवनी/भोपाल नायक दर्पण

बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ–संस्कृति बचाओ जनजागृति अभियान के अंतर्गत आगामी 25 फरवरी 2026, बुधवार से सात दिवसीय ‘बेटी महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के संत रविदास घाट से किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं भूतपूर्व एन.सी.सी. कैडेट लक्ष्मी कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ माँ शिप्रा नदी के पावन तट पर दीपदान, मछलियों को आहार अर्पण, महाकाल पूजन-स्तुति तथा महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बेटियों के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के प्रति जनजागृति का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सात दिवसीय अभियान के दौरान विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न गोष्ठियां, लेखन प्रतियोगिताएं, संवाद कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक, सम्मानजनक और संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
महोत्सव का समापन 3 मार्च की संध्या को रायसेन जिले के भोजपुर स्थित मंगलम शिव मंदिर में पौधरोपण एवं पूजन-अर्चना के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बालिकाओं का पूजन भी किया जाएगा तथा समाज में बेटी सम्मान के संकल्प को दोहराया जाएगा।
लक्ष्मी कश्यप ने सभी समाजजन, मातृशक्ति और युवाओं से इस जनजागृति अभियान में सहभागिता कर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया है।