संशोधन वापस लो नहीं तो पहिए थम जाएंगे... 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

24 Feb, 2026 571 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

मध्यप्रदेश शासन की हालिया परिवहन नीति संशोधनों के खिलाफ सिवनी जिला प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 24 दिसंबर 2025 एवं 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन तत्काल वापस नहीं लिए गए, तो 2 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल और चक्का जाम शुरू किया जाएगा।
एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर संशोधनों को बस व्यवसाय के लिए “घातक और अव्यवहारिक” बताया गया है। पदाधिकारियों का कहना है कि नई नीति से स्टेज कैरिज बस संचालकों की आर्थिक कमर टूट रही है और संचालन व्यवस्था चरमराने लगी है।
जिला प्राइवेट बस संगठन के अध्यक्ष तेजपाल सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे फोरलेन सहित सभी प्रमुख मार्गों पर चलने वाली बसें 1 मार्च की मध्य रात्रि से बंद कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए शासन-प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।
आंदोलन के समर्थन में जिला बस संगठन के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व), क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी देवेश वाथम और यातायात प्रभारी विजय बघेल को ज्ञापन सौंपकर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में तेजबाली सिंह, चंद्रभान सिंह ठाकुर, पुष्पेंद्र सिंह, संजीव जैन, दीपक जैन, नरेंद्र ठाकुर, मनीष ठाकुर, सोहेल पाशा, रामायण सनोडिया, इब्राहिम खान, पवन दिवाकर, नितेश साहू, इलियास खान, संतोष राहगडाले, ललित शर्मा, राजू सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।