दिव्य स्तंभ का लोकार्पण श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न.... मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल...

26 Feb, 2026 42 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिला मुख्यालय सिवनी के शंकराचार्य चौक पर ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के दिव्य स्तंभ का लोकार्पण श्रद्धा, भक्ति एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का जीवन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिवनी, जो स्वामी जी की जन्मभूमि है, वहां उनके दिव्य स्तंभ की स्थापना समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हम सभी का दायित्व है कि स्वामी जी के विचारों और संस्कारों को आत्मसात करते हुए समाज में उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सनातन मूल्यों से प्रेरणा लेकर सुशासन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आदि शंकराचार्य के जीवन और सनातन धर्म में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए ब्रह्मलीन स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के आध्यात्मिक योगदान और राष्ट्रधर्म के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण किया।
इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर श्री रामकृष्णानंद, ब्रह्मचारी श्री सुबुद्धानंद सहित अनेक संतगण उपस्थित रहे। साथ ही विधायक श्री दिनेश राय, डीआईजी श्री राकेश सिंह, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन कार्यक्रम में शामिल हुए।