पेंच में फास्ट्रेक प्रशिक्षण, होली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती... मैजिक बॉक्स से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच
27 Feb, 2026
26 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के निर्देशानुसार होली त्यौहार के मद्देनज़र नागरिकों को स्वच्छ एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा जिले में सतत निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पेंच स्थित विभिन्न रिसॉर्ट के खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं कर्मचारियों को फास्ट्रेक (FoSTaC) प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में स्वच्छता मानकों, खाद्य सुरक्षा नियमों, भंडारण एवं तैयार करने की सुरक्षित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि पर्यटकों और नागरिकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।
वहीं, होली पर्व के पूर्व विभिन्न दूध डेयरी, मिष्ठान भंडार एवं होटलों का औचक निरीक्षण भी जारी है। निरीक्षण के दौरान मैजिक बॉक्स के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की प्राथमिक गुणवत्ता जांच की गई।
दिनांक 26 फरवरी 2026 को विकासखंड धनौरा में अंशिका स्वीट से मलाई पेड़ा एवं नमकीन (लूज) के नमूने लिए गए। इसी प्रकार विकासखंड घंसौर में स्थित सुनील होटल एंड भोजनालय से खोवा एवं नमकीन सेव के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त श्री हनुमान दूध डेरी से घी, खोवा एवं पनीर के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार हेतु संबंधित प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आगामी दिनों में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!