परिवार और नौकरी के साथ पढ़ाई…मेहनत लाई रंग सीमा कोहरू ने रचा सफलता का इतिहास... MPPSC में सीमा कोहरू का चयन, बनीं सफलता की मिसाल..

07 Mar, 2026 47 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

अगर मेहनत पूरी लगन और ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है। इसका ताजा उदाहरण सिवनी निवासी श्रीमती सीमा कोहरू हैं, जिन्होंने पहले ही प्रयास में MPPSC सहायक प्राध्यापक (लाइब्रेरी साइंस) 2022 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
वर्तमान में शासकीय महाविद्यालय बरघाट में अतिथि विद्वान के रूप में सेवाएं दे रहीं सीमा कोहरू ने पारिवारिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए MPPSC जैसी कठिन परीक्षा को पहले प्रयास में ही उत्तीर्ण कर एक नई मिसाल पेश की है। इस परीक्षा के लिए NET/SET योग्यता के साथ विषय का गहन अध्ययन और निरंतर अभ्यास आवश्यक होता है।
परिजनों और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
श्रीमती सीमा कोहरू ने अपनी सफलता का श्रेय शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बरघाट के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप त्रिवेदी तथा अपने परिजनों को दिया। उन्होंने बताया कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन से यह संभव हो पाया।
ज्ञात हो कि श्रीमती सीमा कोहरू जिले के जाने-माने शिक्षक आर.पी. कोहरू (स्काउट कमिश्नर) और शिक्षिका श्रीमती कमलेश्वरी कोहरू की पुत्रवधू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार रुपेश कोहरू की धर्मपत्नी हैं।
सीमा कोहरू ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास करना कभी न छोड़ें।