शहर में खपाने लाई जा रही थी अवैध शराब की खेप...बिना नंबर की बोलेरो से 339 लीटर शराब बरामद...
08 Mar, 2026
313 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक कुख्यात शराब तस्कर को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की बोलेरो वाहन सहित करीब 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 86 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो में अवैध शराब की बड़ी खेप शहर में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने छिंदवाड़ा रोड स्थित द ग्रेड रॉयल होटल के सामने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान छिंदवाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 14 थैलों और 11 कार्टनों में भरी कुल 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
वाहन चालक की पहचान कमल माना ठाकुर (51 वर्ष) निवासी के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी लगभग पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम के प्रकरण और शासकीय कार्य में बाधा से संबंधित मामला भी शामिल है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!