गरीब ग्रामीण से वसूली पड़ गई भारी.. कुर्सी पर बैठकर वसूली राज...नहीं छोड़ा लालच...
09 Mar, 2026
928 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले की ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शिवचरण नागवंशी (40 वर्ष) पिता नंदकुमार नागवंशी, निवासी जान्हवी नगर, चुनाभट्टी के पास ग्राम पलारी, पिछले 4–5 वर्षों से गांव में टपरिया बनाकर रह रहे हैं। रहने के लिए उनके पास कोई अन्य व्यवस्था नहीं है।
बताया गया कि सरपंच रामगोपाल डेहरिया द्वारा टपरिया में सुधार कार्य करने की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। सरपंच की मांग और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर शिवचरण नागवंशी ने 2 मार्च 2026 को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई।
EOW द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें सरपंच द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 9 मार्च 2026 को EOW की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सिवनी बस स्टैंड के पास सरपंच को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।
टीम ने मौके से 15,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
EOW ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!