रिटायरमेंट फाइल के नाम पर रिश्वत का खेल... भ्रष्टाचार अधिनियम में मामला दर्ज..

10 Mar, 2026 308 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण भोपाल

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी कर्मचारी रिटायरमेंट से जुड़े भुगतान के बदले रिश्वत की मांग कर रही थी।
जानकारी के अनुसार कार्तिकचंद्र सरकार, जो जाटखेड़ी रोड भोपाल निवासी हैं और लोक निर्माण विभाग संभाग-1 में वायरमेन के पद पर कार्यरत हैं, अगस्त महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। रिटायरमेंट से जुड़ी फाइल और शासन से मिलने वाले भुगतान को आगे बढ़ाने के नाम पर स्थापना शाखा में कार्यरत कर्मचारी अर्शी खान ने उनसे 6 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
इससे परेशान होकर आवेदक ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल दुर्गेश राठौर को शिकायत दी। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने ही अर्शी खान को 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही रिश्वत की रकम बरामद की गई।
लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अब सवाल यह है कि
क्या सरकारी दफ्तरों में फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत ही नया नियम बन गया है?
लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।