बेटे की शादी की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा, पिता की मौके पर मौत।
11 Mar, 2026
48 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट।
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। लालबर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जाम स्थित गायत्री राइस मिल के पास बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय सीताराम गुर्जर की दर्दनाक मौत हो गई। सीताराम अपने साथी सोहनलाल गौतम के साथ बाइक से बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार सीताराम गुर्जर अपने बेटे प्रवीण की आगामी 1 मई को होने वाली शादी की पत्रिका बांटने के लिए देवगांव जा रहे थे। इसी दौरान जाम के पास गायत्री राइस मिल के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक में ही फंस गई और सीताराम उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ बैठे सोहनलाल गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क से उठाने से इनकार कर दिया और मुआवजे व ट्रक मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो से तीन घंटे तक सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे और जिला पंचायत सदस्य डुलेन्द्र ठाकरे भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान जांच में यह बात सामने आई कि दुर्घटनाकारित ट्रक के पास न तो वैध फिटनेस प्रमाण पत्र था और न ही परमिट। इस खुलासे के बाद जनप्रतिनिधियों ने आरटीओ विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना दस्तावेजों के वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कहा कि जिले में अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं जिला पंचायत सदस्य डुलेन्द्र ठाकरे ने वाहन मालिक और चालक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ग्राम पंचायत साल्हे के सरपंच चेतनलाल पटले, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। ट्रक मालिक, जनप्रतिनिधियों और पंचायत की ओर से प्राथमिक तौर पर 40 हजार रुपये की नगद सहायता दी गई। इसके अलावा प्रशासन ने दो दिनों के भीतर 15 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का आश्वासन दिया है।
बताया गया कि मृतक सीताराम गुर्जर के पास श्रमिक कार्ड भी है, जिसके आधार पर शासन की योजना के तहत परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं घायल सोहनलाल गौतम को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
इधर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!