सड़क हादसे का ड्रामा… और 2.53 लाख की लूट पुलिस ने खोला गिरोह का खेल 5 आरोपी गिरफ्तार
15 Mar, 2026
66 व्यूज
छिंदवाड़ा नायक दर्पण
सड़क हादसे का बहाना बनाकर लूट करना यह बताता है कि अपराधी अब वारदात के लिए नए-नए तरीके तलाश रहे हैं। लेकिन इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया कि अपराध चाहे कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं है।
छिंदवाड़ा में सड़क हादसे का नाटक कर 2 लाख 53 हजार रुपए की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी समेत करीब 11 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 2 लाख 1 हजार रुपए नकद, एक कार, दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा जब्त की गई है। पुलिस अब सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक साईधाम कॉलोनी सोनपुर रोड निवासी कमलेश सूर्यवंशी 27 फरवरी की रात अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र से मोबाइल बिक्री की वसूली कर वापस लौट रहे थे। उनके पास 2,53,400 रुपए एक्टिवा की डिक्की में रखे थे।
जब वह झिरी जमुनिया स्थित दिल्ली दरबार ढाबा के पास पहुंचे तो एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर सड़क हादसे का माहौल बनाते हुए नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!