अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समाज का भव्य आयोजन, महिलाओं ने दिया एकता और सशक्तिकरण का संदेश

16 Mar, 2026 188 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

नवनीत मेहरा डेहरिया समाज समिति, जिला सिवनी के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्रीमती सुनीता डेहरिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं माता सावित्री बाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महिला सचिव श्रीमती किरण डेहरिया ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली वाणी और संचालन शैली से पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और ऊर्जावान बनाए रखा। इस अवसर पर श्रीमती देवी डेहरिया द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को गरिमामय शुरुआत दी।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गीत एवं अन्य कलात्मक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्रीमती सुनीता डेहरिया ने अपने उद्बोधन में महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं की शिक्षा, महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया भी शामिल हुईं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ जैसी सामाजिक समस्याओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मेहरा समाज महासंघ अध्यक्ष श्रीमती आशा डेहरिया ने महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण पर महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा अपनी टीम के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। महिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती मोहनी डेहरिया ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
श्रीमती तरूणा डेहरिया ने समाज में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता की आवश्यकता बताई। वहीं श्रीमती कमलेश डेहरिया, श्रीमती बालकुमारी और श्रीमती पार्वती डेहरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने फागुन गीत गाते हुए एक-दूसरे को गुलाल और फूलों से होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।