महात्मा ज्योतिबा फुले स्कूल में दो दिवसीय हेल्थ कैंप सफल, बच्चों की सेहत पर फोकस।

18 Mar, 2026 194 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले के महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल सरेखा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आरबीएसके (RBSK) के अंतर्गत दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर 16 एवं 18 मार्च 2026 को आयोजित हुआ। जिसमें विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक अवस्था में ही संभावित बीमारियों की पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में शासकीय चिकित्सालय बालाघाट से आए अनुभवी चिकित्सक डॉ. प्रमोद बिसेन एवं महिला चिकित्सक श्रीमती सुनीता हेमंत राहंगडाले ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आरबीएसके (RBSK) अर्बन टीम ए द्वारा संचालित इस अभियान में बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ खून की जांच, आंखों की जांच,दृष्टि परीक्षण तथा दांतों की जांच भी की गई। टीम ने प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें दवाइयां भी वितरित कीं।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जिन बच्चों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं उन्हें विशेष ध्यान में रखते हुए उनके अभिभावकों से चर्चा की गई और आगे के उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी बच्चे की बीमारी नजर अंदाज न हो और उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में छिपी हुई बीमारियों का प्रारंभिक चरण में ही पता चल जाता है। जिससे उपचार आसान हो जाता है और गंभीर स्थिति से बचाव संभव होता है। साथ ही नियमित स्वास्थ्य निगरानी से बच्चों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
विद्यालय के प्रधानपाठक श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर वर्ष इस प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है। जिसका विद्यालय को भरपूर लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी आरबीएसके अर्बन टीम ए द्वारा आयोजित शिविर में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिक्षकों ने बच्चों को शिविर में व्यवस्थित रूप से शामिल कराया और जांच प्रक्रिया को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने उत्सुकता के साथ अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की। डॉक्टरों ने भी बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित दिनचर्या के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस तरह के आयोजनों से न केवल बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है। बल्कि अभिभावकों को भी अपने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलती है। विद्यालय में आयोजित यह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।