चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर भक्ति का उमड़ा सैलाब...गांधी चौक में सजा श्रीराम दरबार, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा...
24 Mar, 2026
33 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
हिंदू सनातन नववर्ष एवं शक्ति उपासना के महापर्व चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 19 मार्च से प्रारंभ हुए इस पर्व के स्वागत में पूरे शहर में भगवा ध्वज, तोरण द्वार और स्वागत गेट सजाए गए हैं, वहीं मंदिरों में विधि-विधान से घट स्थापना एवं पूजा-अर्चना का क्रम जारी है।
इसी क्रम में नगर के हृदय स्थल गांधी चौक (शुक्रवारी) में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम दरबार की भव्य स्थापना हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरे उत्साह के साथ की गई। स्थापना के दौरान “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
स्थापना के साथ ही प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से सुमधुर भजन एवं संगीतमय सामूहिक महाआरती का शुभारंभ भी हो चुका है। प्रथम दिवस पर सैकड़ों दीपों की रोशनी से सजा श्रीराम दरबार मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आरती का पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात प्रसाद वितरण भी किया गया।
आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई है कि गांधी चौक प्रांगण में स्थापित श्रीराम दरबार में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से सामूहिक भजन एवं महाआरती आयोजित की जाएगी। इस पावन अवसर पर नगर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की गई है।
भक्ति, आस्था और उत्साह के संगम से सिवनी का गांधी चौक इन दिनों एक धार्मिक केंद्र के रूप में जगमगा रहा है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!