सम्राट अशोक महान की जयंती पर आज निकलेगी रैली कमला नेहरू हाल में होगा मंचीय कार्यक्रम-रमेश पंचे
25 Mar, 2026
100 व्यूज
नायक दर्पण /बालाघाट। जिला मरारमाली समाज बालाघाट द्वारा 26 मार्च को सम्राट अशोक महान की जन्म जयंती बडे धूमधाम से मनाई जा रही है। जिस दौरान कल 26 मार्च को प्रात:11 बजे एक विशाल रैली शहर में निकाली जावेगी और उसके पश्चात कमला नेहरू भवन में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जावेगा। उक्ताशय की जानकारी देते हुये जिला मरारमाली समाज के जिलाध्यक्ष रमेश पंचे ने पत्रकारवार्ता में बताया कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती पहली बार मनाई जा रही है। जिसके लिये मरार समाज द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है। जिले भर के स्वजातीय बंधुओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। उन्होने बताया कि जयंती के शुभ अवसर पर प्रात:11 बजे शहर में एक विशाल मोटर साईकिल रैली निकाली जावेगी। जो माता सावित्री बाई फूले कन्या छात्रावास से प्रारंभ होकर शहर भ्रमण पश्चात कमला नेहरू सभाग्रह पहुंचेगी। उन्होने बताया कि कमला नेहरू सभाग्रह में मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें अतिथियों द्वारा सम्राट अशोक के संदर्भ में व्याख्यान दिये जायेगें। समाज द्वारा शासन प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौपा जायेगा। श्री पंचे ने सम्राट अशोक के संदर्भ में जानकारी देते हुये बताया कि वे मौर्य वंश के तीसरे शासक थे। उन्होने अपने साम्राज्य का विस्तार किया और अखण्ड भारत का निर्माण किया। कालिंग युद्ध के बाद इनके जीवन में निर्णायक परिवर्तन हुआ और उसी के पश्चात वे परोपकार के कार्यो में लग गये। वे प्रेम, सत्य, अहिंसा व शाकाहारी जीवन प्रणाली के सच्चे समर्थक थे। इसीलिए उनका नाम इतिहास में परोपकारी राजा के रूप में जाना जाता है। उनके शासनकाल की महत्वपूर्ण जानकारी उनके शिलालेखो और स्तंभो से प्राप्त होती है। जिसे अशोक स्तंभ कहा जाता है। भारत का राष्टीय प्रतीक अशोक स्तंभ उन्ही की देन है। उन्होने बताया कि 26 मार्च को आयोजित कार्यक्रम का उदघाटन शासकीय जटाशंकर महाविद्यालय के प्राचार्य अशोक मराठे करेगें। वही कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में अखिल भारतीय कुशवाहा समाज महासभा म.प्र. के प्रदेश सचिव राजेश हरदहा उपस्थित होगें। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मरार माली समाज बालाघाट के अध्यक्ष रमेश पंचे करेगें। विशेष अतिथि के रूप में आत्माराम पांचे, अध्यक्ष मरार समाज कल्याण समिति गोंदिया, एल.सी.लांजेवार अध्यक्ष फूलमारी समाज बालाघाट, भरतलाल बढमे अध्यक्ष जम्मु माली समाज बालाघाट, उदयसिंह पंचेश्वर मार्गदर्शक एवं सामाजिक चिंतक तथा सालिकराम मौर्य सामाजिक चिंतक को आमंत्रित किया गया है। जबकि कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में सीताराम सैनी, सामाजिक चिंतक डी.एल.मानेश्वर संरक्षक जिला मरारमाली समाज बालाघाट, लेखराम मातरे ब्लाक अध्यक्ष जिला मरारमाली समाज बरघाट, सरस्वती पंचेश्वर जिला सभापति महिला प्रकोष्ठ, सुशीला पंचाले जिला सभापति व्यापारी प्रकोष्ठ एवं प्रो.नरेन्द्र जामरे सामाजिक चिंतक बालाघाट उपस्थित होगें। कार्यक्रम में प्रस्तावना फुले विचार प्रकोष्ठ के जिला सभापति बी.एल.पंचे प्रस्तुत करेगें। वही कार्यक्रम का मंच संचालन जिला मरारमाली समाज के उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी करेगें। सामाजिक पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थिति की अपील नागरिकों से की है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!