श्रीराम जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा, नगर गूंज उठा "जय श्रीराम" के जयघोष से

28 Mar, 2026 33 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। दोपहर 3 बजे श्रीराम मंदिर से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, पारंपरिक वेशभूषा और बैंड-बाजों की धुनों ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में डुबो दिया।

शोभायात्रा में श्रीराम दरबार की सुसज्जित पालकी विशेष आकर्षण बनी। श्रद्धालुओं ने इसे अपने कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया। पालकी के साथ चल रहे भक्त भजन-कीर्तन में लीन नजर आए और पूरे मार्ग में भक्ति रस की लहर दौड़ गई।

शोभायात्रा गांधी चौक, शुक्रवारी चौक सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर पहुंची। अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ यह भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

शोभायात्रा का मार्गदर्शन श्री महावीर व्यायाम शाला द्वारा किया गया। सुसज्जित झांकियां श्री राम दल समिति द्वारा प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम भी किए गए थे।