प्यासों के लिए राहत का पैगाम कौमी एकता कमेटी का सेवा अभियान... राहगीरों और मजदूरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था शुरू..!

28 Mar, 2026 236 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


भीषण गर्मी के बीच मानवता और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए कौमी एकता कमेटी ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नि:शुल्क पानी के प्याऊ का शुभारंभ कर दिया है। 28 मार्च 2026 को दोपहर 3:30 बजे अध्यक्ष असलम बाबा की दुकान के समीप आयोजित इस सेवा कार्य का विधिवत शुभारंभ मुख्य नगर पालिका अधिकारी विशाल सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सेवा, समर्पण और भाईचारे का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। राहगीरों, मजदूरों और आमजन को ठंडा व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराकर भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया।
कौमी एकता कमेटी के अध्यक्ष असलम बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हर साल इस तरह के सेवा कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी प्याऊ लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक राहत पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आग्रह किया कि नगर के विभिन्न स्थानों पर नगर पालिका परिषद द्वारा भी शीघ्र प्याऊ की व्यवस्था की जाए। इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी विशाल सिंह ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही आवश्यक स्थानों पर प्याऊ शुरू किए जाएंगे।
इस आश्वासन पर समिति के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। कौमी एकता कमेटी द्वारा लगातार किए जा रहे समाजहित के कार्यों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संस्था केवल नाम नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सेवा, समर्पण और एकता का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर अध्यक्ष असलम बाबा, कार्यवाहक अध्यक्ष देवराज डेहरिया, सचिव विनोद यादव, प्रवक्ता के.के. यादव, उपाध्यक्ष बरकत खान, सह सचिव शंकरलाल डेहरिया, कोषाध्यक्ष एड. राम राजेश डेहरिया, अकरम खान, फैयाज खान, जम्मू भाई सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी विशाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन चंदेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।