डबल मनी कांड पर कड़ी कार्रवाई की मांग, केंद्रीय गृहमंत्री को भेजा ज्ञापन

31 Mar, 2026 160 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र में चर्चित डबल मनी कांड को लेकर अब मामला तेज़ी पकड़ता नजर आ रहा है। हजारों निवेशकों की जमा पूंजी फंसने से उत्पन्न आर्थिक और सामाजिक संकट के बीच पीड़ितों की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि इस सुनियोजित धोखाधड़ी के चलते बालाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों की जीवनभर की कमाई डूब गई, जिससे क्षेत्र में आत्महत्या, आपसी विवाद और गंभीर सामाजिक तनाव जैसी स्थितियां भी उत्पन्न हो चुकी हैं।
मामले के मुख्य आरोपी सोमेंद्र कांकरिया की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए गए हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टास्क फोर्स (STF) गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।

*ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं*
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
जब्त (कुर्क) चल-अचल संपत्तियों की शीघ्र नीलामी कर पीड़ितों को राशि वापस दिलाई जाए। न्यायालय में जमा लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि पात्र पीड़ितों को जल्द वितरित की जाए। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर विशेष जांच दल गठित किया जाए।
पूरे प्रकरण में सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन प्रेषक राजा उत्कर्ष शुक्ला (राजा भैया) ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस गंभीर आर्थिक अपराध पर त्वरित संज्ञान लेकर कठोर कदम उठाएगी, जिससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।
यह मामला अब क्षेत्र में जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है और लोगों की निगाहें सरकार एवं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।