मकर संक्रांति पर घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर किया पवित्र स्नान होमगार्ड–एसडीईआरएफ–पुलिस–राजस्व अमला रहा मुस्तैद, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

15 Jan, 2026 15 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण मंडला।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर जिले के प्रमुख संगम घाट एवं माहिष्मती घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए। घाटों पर प्रशासनिक अमला, होमगार्ड, एसडीईआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहीं। सुबह से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर आगमन शुरू हो गया था और उन्होंने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने संगम घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों व जवानों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, डूबने की घटना अथवा अफरातफरी से बचने के लिए सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें तथा गहरे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ की टीमों द्वारा नर्मदा घाटों पर लगातार पेट्रोलिंग की गई। जवानों के पास लाइफ जैकेट, रस्सियाँ, बचाव उपकरण एवं मोटर बोट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहीं। गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए लगातार अनाउंसमेंट किए गए।
पुलिस बल एवं राजस्व अमले ने कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग एवं यातायात प्रबंधन संभाला। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन के माकूल इंतजाम किए गए, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुआ।