पीजी कॉलेज में हुआ भव्य सम्मान छात्रा की मेहनत को मिला सलाम... राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, अनुप्रिया कौरव ने जीता सिल्वर मेडल

04 Apr, 2026 52 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण



जिले की प्रतिभाशाली बेटी अनुप्रिया कौरव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एक बार फिर सिवनी का नाम रोशन कर दिया है। खेलो इंडिया अस्मिता वूमेंस नेशनल किकबॉक्सिंग लीग 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुप्रिया ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 29 मार्च 2026 तक चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच अनुप्रिया ने दमदार खेल दिखाया और फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, वह मात्र एक अंक के अंतर से गोल्ड मेडल से चूक गईं, लेकिन उनका जज्बा और प्रदर्शन सभी के दिलों में छा गया।
उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें ₹10,000 की नगद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई, जो उनकी मेहनत का सम्मान है।
इस गौरवपूर्ण सफलता के बाद पीजी कॉलेज सिवनी में उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने कहा कि अनुप्रिया की सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है, जो अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अजय बाबा पाण्डेय एवं प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान संस्थान के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस दौरान अनुप्रिया के पिता पवन कौरव एवं कोच निकेश पदमाकर का भी सम्मान किया गया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक, स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
👉 सिवनी की बेटी की यह उपलब्धि न सिर्फ एक पदक है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा की मिसाल बन चुकी है।