प्रतिभा सम्मान समारोह खेल प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच... संस्कृति कश्यप का दमदार प्रदर्शन—खो-खो में उत्कृष्टता पर हुआ सम्मान

04 Apr, 2026 17 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सिवनी की होनहार छात्रा संस्कृति कश्यप को खो-खो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह आयोजन भोपाल के कोटरा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विद्या भारती की सुमित्रा मिश्रा, वीरेंद्र सिंह सेंगर, सुशील मित्तल, राजेश पांडे एवं विद्यालय के प्राचार्य विनय मिश्रा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस गौरवपूर्ण आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में संस्कृति कश्यप को अंतरराज्यीय स्तर पर खो-खो प्रतियोगिता में सहभागिता और खेल के प्रति उनकी लगन के लिए ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर सम्मानित किया गया, जहां संस्कृति कश्यप की माता श्रीमती पूजा कश्यप भी उपस्थित रहीं।
सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी कश्यप ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या भारती द्वारा शिक्षा के साथ-साथ खेल और संस्कारों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुझाव दिया कि इन विद्यालयों में एनसीसी एवं एनएसएस इकाइयों की भी शुरुआत की जानी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास हो सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
👉 संस्कृति कश्यप की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे सिवनी जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।