लामता में जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत महकारी नदी की सफाई, जल संरक्षण का लिया संकल्प

05 Apr, 2026 18 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बालाघाट अंतर्गत ग्राम पंचायत लामता में जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत महकारी नदी में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखते हुए जल संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायत लामता के व्यापारी संघ एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। नदी में जमा गंदगी को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा किए गए बोरी बंधान कार्य को जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर संकल्प लिया तथा शपथ भी ग्रहण की। अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि घरों एवं दुकानों का कचरा किसी भी जल स्रोत में न डालें, जिससे जल की गुणवत्ता बनी रहे और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम में लामता तहसीलदार श्री दशवंता मरावी, सरपंच श्री हुलासमल कोचर, उपसरपंच श्री राजेंद्र मानेश्वर, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री योगेश खैरवार, सचिव श्री आशीष राहंगडाले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस थाना स्टाफ, ग्राम रक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं व्यापारीगणों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
अभियान के सफल आयोजन से क्षेत्र में जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।