जिला जेल से दीवार फांदकर भागे कैदियों को पुलिस ने दबोचा
15 Jan, 2026
157 व्यूज
नायक दर्पण सिवनी।
सिवनी जिला सर्किल जेल से दीवार फांदकर फरार हुए तीन विचाराधीन बंदियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। यह घटना बुधवार 14 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6:34 बजे की बताई जा रही है, जब तीनों बंदी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गए।
जिला जेल अधीक्षक अजय सिंह वर्मा की रिपोर्ट पर संबंधित थानों में विधि-संवत FIR दर्ज की गई। फरार बंदियों में विशाल पिता ब्रह्मानंद, अंकित पिता श्रीपाल और विजय पिता छिद्दीलाल शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार अंकित पिता श्रीपाल एवं विजय पिता छिद्दीलाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 594/25 थाना लखनवाड़ा तथा विशाल पिता ब्रह्मानंद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 333/25 थाना कुरई में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
जेल से फरारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर सघन तलाश अभियान चलाया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीमों ने तीनों फरार बंदियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। गुरुवार सुबह सभी को पुनः जिला जेल में दाखिल करा दिया गया।
जेल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा जेल सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!