वीर वटकेश्वर महादेव मंदिर में भव्य शिखर कलश स्थापना, गूंजा “हर हर महादेव” आचार्य पं. राजेंद्र पांडे के सानिध्य में सम्पन्न हुआ दिव्य अनुष्ठान
05 Apr, 2026
65 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
बारापत्थर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, समता नगर में नवनिर्मित वीर वटकेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को भव्य धार्मिक आयोजन के बीच शिखर कलश की स्थापना की गई। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा परिसर “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा।
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक आचार्य पंडित राजेंद्र पांडे के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बटुक ब्राह्मण लक्ष्य एवं योग शर्मा द्वारा विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। इस दौरान सैकड़ों शिव भक्त उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मोहन पांडे, सहयोगी पंडित शुभम महाराज सहित कॉलोनी के सभी श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति में लीन होकर खुद को धन्य महसूस किया।
यह मंदिर नगर के प्रतिष्ठित परिवार के स्वर्गीय चंद्रभान सिंह एवं स्वर्गीय तारा देवी की स्मृति में उनके सुपुत्र जितेंद्र सिंह (पत्रकार) द्वारा बनवाया गया है। इससे पूर्व श्रावण माह में मंदिर में भगवान शिव एवं शिव परिवार की स्थापना की गई थी, वहीं महाशिवरात्रि पर सवा क्विंटल वजनी त्रिशूल भी स्थापित किया गया था।
इस अवसर पर आचार्य पंडित राजेंद्र पांडे ने शिखर कलश और ध्वजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वैदिक परंपरा में मंदिर के शिखर पर कलश और ध्वजा का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जहां तक मंदिर के कलश के दर्शन होते हैं, वह पूरा क्षेत्र धर्मक्षेत्र माना जाता है और वहां ईश्वर की विशेष कृपा बनी रहती है।
समता नगर में आयोजित यह भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!