रोटरी को कार्डियक एम्बुलेंस और 3 हजार वर्गफीट जमीन मिलेगी, प्रभारी मंत्री उदयप्रतापसिंह ने की घोषणा, महोत्सव में सुनाया रोटरी कार्य का अनुभव

07 Apr, 2026 30 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट। सामाजिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा के बालाघाट महोत्सव में प्रभारी मंत्री उदयप्रतापसिंह, आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने रोटरी के सेवाभावी कार्यो की सराहना करते हुए बालाघाट महोत्सव के सफलता की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सांसद भारती पारधी, पूर्व मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर नानू कावरे, विधायक राजकुमार कर्राहे, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, प्रवीण मेश्राम, रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा अध्यक्ष रोटे. सुकुमार जैन, सचिव रोटे. निलेश पटेल सहित अन्य रोटेरियन साथी मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री ने रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा के बालाघाट महोत्सव को संबोधित करते हुए अपने रोटेरियन कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि जब विवेक तन्खा, ड्रिस्टिक्ट गवर्नर हुआ करते थे, तब, उनके कहने पर वह इससे जुड़े और क्लब में रहे। रोटरी के माध्यम से सेवा का अवसर मिलता है और जिस तरह से रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा, बालाघाट महोत्सव के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने के साथ ही एक ही जगह पर लोगों को खरीदी, महोत्सव देखने और मनोरंजन का अनुभव करा रहा है, वह, सराहनीय है। प्रभारी मंत्री उदयप्रताप सिंह ने रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा के सहायतार्थ प्रकल्प के लिए एक कार्डियक एम्बुलेंस के साथ ही शहर में सहायतार्थ प्रकल्प के लिए 3000 हजार वर्गफीट की जगह देने की घोषणा की। जिसका रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा ने स्वागत कर आभार जताया है।
इससे पूर्व बालाघाट महोत्सव में पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री उदयप्रतापसिंह का रोटरी क्लब ऑफ वैनगंगा की ओर से पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।