4 महीने से वेतन नहीं मनरेगा कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जल्द भुगतान की मांग...

07 Apr, 2026 808 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले में मनरेगा कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। लगातार चार माह से वेतन/मानदेय नहीं मिलने से परेशान कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा बयां की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दिसंबर 2025 से अब तक जिला पंचायत एवं जनपद/ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
हालात हुए बदतर, रोजमर्रा खर्च तक मुश्किल....
कर्मचारियों ने कहा कि सब्जी, किराना, बिजली बिल, गैस, मोबाइल रिचार्ज जैसे जरूरी खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारी किराए के मकान में रहते हैं, जहां किराया नहीं दे पाने के कारण मकान मालिकों का दबाव बढ़ता जा रहा है।
परिवार पर भी पड़ा असर....
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कई कर्मचारियों के माता-पिता बीमार हैं, लेकिन पैसों की कमी के चलते इलाज तक नहीं हो पा रहा। बच्चों की स्कूल फीस, किताबें और अन्य खर्च भी अटक गए हैं।
कर्ज का बढ़ा बोझ.....
कुछ कर्मचारियों ने वाहन, मकान या अन्य जरूरतों के लिए बैंक से ऋण लिया हुआ है। समय पर किस्त जमा नहीं होने के कारण ब्याज और अतिरिक्त चार्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।
त्योहार भी फीके पड़े....
कर्मचारियों का कहना है कि होली, ईद, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार भी बिना वेतन के ही मनाने पड़े, जिससे मानसिक तनाव बढ़ गया है।
प्रशासन से लगाई गुहार.....
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि जब तक शासन स्तर से राशि प्राप्त नहीं होती, तब तक जिला/जनपद स्तर से अस्थायी रूप से भुगतान की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने अपनी समस्या को राज्य स्तर तक पहुंचाने की भी अपील की है।