पति की हैवानियत से त्रस्त पत्नी ने दर्ज कराई FIR, जान से मारने की धमकी का आरोप।
09 Apr, 2026
409 व्यूज
नायक दर्पण/छिंदवाड़ा।
जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति पर जानलेवा मारपीट और लगातार प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता सीमा मालवी ने महिला थाना छिंदवाड़ा में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा मालवी का विवाह वर्ष 2018 में संतकुमार मालवी निवासी ग्राम सिमरिया मुलतानी के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार शुरू हो गया जो समय के साथ और अधिक गंभीर होता चला गया।
पीड़िता महिला के अनुसार 16 जनवरी 2026 को आरोपी पति ने उसे बेरहमी से पीटा जिससे उसके शरीर से खून निकलने लगा और सिर में गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं आरोपी द्वारा लगातार जान से मारने और दूसरी शादी करने की धमकियां भी दी जाती रही हैं।
महिला ने बताया कि इससे पहले भी उसने कई बार शिकायत की लेकिन हर बार आरोपी को केवल समझाइश देकर छोड़ दिया गया। जिससे उसके हौसले और बढ़ गए। लगातार हो रही हिंसा से परेशान होकर अब पीड़िता अपने तीनों बच्चों के साथ मायके में रहने को मजबूर है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट भी प्रस्तुत की है। जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उसे तथा उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!