एलपीजी उपभोक्ताओं की 01 से 31 मार्च तक की गई बुकिंग निरस्त, पुनः बुकिंग कराने की अपील

11 Apr, 2026 21 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले के समस्त एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है कि नवीन वित्तीय सत्र 2026-27 लागू होने के कारण तकनीकी प्रक्रियाओं में बदलाव किए गए हैं। गैस एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच की गई अधिकांश गैस रिफिल बुकिंग सत्र परिवर्तन के चलते स्वतः निरस्त हो गई हैं।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री आर के ठाकुर ने बताया कि ऐसे सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि जिन्होंने उक्त अवधि अर्थात 01से 31 मार्च 2026 की अवधि में गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी, मोबाइल ऐप या अन्य माध्यमों से पुनः बुकिंग कराएं।
इसके साथ ही यह भी बताया गया है कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूर्ण नहीं है, उन्हें आगामी समय में गैस रिफिल बुकिंग में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी हितग्राही शीघ्र अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री ठाकुर ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय ओटीपी अनिवार्य कर दिया गया है। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हैं, वे तत्काल अपनी गैस एजेंसी में संपर्क कर नंबर अपडेट कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी गैस एजेंसियों द्वारा निरंतर सिलेंडर वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर उपभोक्ता संबंधित एलपीजी ऑयल मार्केटिंग कंपनी की वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।