नवविवाहिता मौत मामला: दहेज लोभियों पर कड़ी कार्रवाई, पति-सास-ससुर गिरफ्तार 24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दहेज हत्या का मामला दर्ज

12 Apr, 2026 137 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को जिला अस्पताल बालाघाट से नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल हरकत में आई। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2023 में नवविवाहिता का विवाह ललित राणा से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति ललित राणा, सास सुशीला राणा एवं ससुर सहसराम राणा द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। पीड़िता को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार, कई बार समझाइश के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा चार पहिया वाहन खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिससे महिला लगातार तनाव में थी।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि दहेज प्रताड़ना के चलते नवविवाहिता की मृत्यु हुई है। इसके आधार पर थाना नवगांव में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 3(5) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 120/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति ललित राणा, सास सुशीला राणा और ससुर सहसराम राणा को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी गहन जांच जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।