भक्ति, एकता और गौरव का संगम: संत सेन महाराज की 726वीं जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी
13 Apr, 2026
10 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
पूजन, भव्य रैली, प्रतिभाओं का सम्मान और महाप्रसाद—सेन समाज का बड़ा आयोजन
सिवनी। जिला सर्ववर्गीय सेन समाज के तत्वावधान में संत शिरोमणि संत सेन महाराज की 726वीं जयंती 14 अप्रैल मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। यह आयोजन डीईओ ऑफिस के पास स्थित कृष्णम गार्डन, सीवी रमन वार्ड बारापत्थर सिवनी में आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे काली चौक मरहाई माता मंदिर परिसर में स्थित संत सेन महाराज की प्रतिमा के पूजन-अर्चन से होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे कृष्णम गार्डन से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी।
इसके पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, डिप्टी कलेक्टर राकेश कुमार सेन सहित अन्य गणमान्य अतिथि शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हेमेन्द्र नाथ श्रीवास ने समाज के सभी सदस्यों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
शाम 6 बजे से 8 बजे तक महाप्रसाद एवं भोजन प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। आयोजकों ने विशेष आग्रह किया है कि जयंती के अवसर पर सभी समाजजन अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करें।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!