गेहूं खरीदी के पहले ही दिन अव्यवस्था किसान धूप में बेहाल केंद्र पर ताला...100 से ज्यादा ट्रैक्टर लाइन में नहीं खुला वेयरहाउस का गेट...सुबह से इंतजार करते रहे किसान दोपहर 3:30 तक नहीं पहुंचे कर्मचारी... समर्थन मूल्य खरीदी शुरू होने से पहले ही सिस्टम फेल
15 Apr, 2026
204 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
शासन-प्रशासन द्वारा 15 अप्रैल 2026 से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन पहले ही दिन व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। सहकारी समिति चंवडी (प्रबंधक लखन चंद्रवंशी) एवं सहकारी समिति चक्की खमरिया के किसानों के लिए निर्धारित खरीदी केंद्र महेंद्र वेयरहाउस मोहगांव और भादुरिया वेयरहाउस मोहगांव पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली।
आज सुबह से ही किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों में गेहूं लेकर केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन दोपहर 3:30 बजे तक वेयरहाउस का गेट बंद रहा। मौके पर न तो कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी।
करीब 100 से 150 ट्रैक्टर लंबी लाइन में खड़े रहे, और किसान तपती धूप में घंटों इंतजार करने को मजबूर हुए। किसानों का कहना है कि कई लोगों के घरों में शादी जैसे जरूरी कार्यक्रम हैं, कोई मकान निर्माण कार्य में लगा है, तो किसी के अन्य कृषि कार्य रुके हुए हैं—लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते सभी काम प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि इस तरह की अव्यवस्था से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द खरीदी व्यवस्था शुरू कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सवाल बड़ा है...
जब पहले ही दिन ऐसी लापरवाही सामने आ रही है, तो पूरे सीजन में किसानों को और कितनी परेशानी झेलनी पड़ेगी?
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!