श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा सत्य और भक्ति का संदेश, पूज्य हेमंत कृष्ण जी महाराज के प्रवचन से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

15 Jan, 2026 14 व्यूज
Main Photo
कान्हीवाडा (सिवनी)।
हनुमान गढ़ी, शिवमठ गौघाट हिनोतिया कान्हीवाडा में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के अंतर्गत बरसाना (उत्तर प्रदेश) से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य आचार्य हेमंत कृष्ण जी महाराज ने “सत्य ही सर्वोपरि धर्म और समाज का आधार है” विषय पर भावपूर्ण एवं प्रेरक प्रवचन दिया।
पूज्य महाराज ने कहा कि मानव जीवन और समाज की स्थिरता सत्य पर ही आधारित है। शास्त्रों में कहा गया है— “सत्यान्नास्ति परो धर्मः”, अर्थात सत्य से बड़ा कोई धर्म नहीं। सत्य केवल वाणी तक सीमित नहीं, बल्कि आचरण, न्याय और नैतिकता में भी परिलक्षित होना चाहिए।
महाभारत प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने पितामह भीष्म और भगवान श्रीकृष्ण के बीच के अद्भुत भक्तिभाव का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भक्त की प्रतिज्ञा निभाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी प्रतिज्ञा तक तोड़ दी, जो भक्ति की पराकाष्ठा का अनुपम उदाहरण है।
गौघाट शिवनी में 11 से 19 जनवरी 2026 तक चल रहे इस महायज्ञ एवं कथा में प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक प्रवचन हो रहे हैं। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आरती के दौरान यज्ञ समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के 27वें वर्ष में पूज्य महाराज के ओजस्वी प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।