जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों की चमकी प्रतिभा, कलेक्टर पटले ने बढ़ाया हौसला

16 Jan, 2026 74 व्यूज
Main Photo
सिवनी। नायक दर्पण
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन में गुरुवार 15 जनवरी को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, भैरोगंज सिवनी में जिला स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विकासखंड स्तर से चयनित 123 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने विज्ञान मॉडल, एकल पर्यावरण गीत, लघु नाटिका, प्रश्न मंच एवं विचार संगोष्ठी जैसी विभिन्न विधाओं में सहभागिता कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया।
प्रदर्शनी के दौरान कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने सहायक संचालक श्री आर.पी. पाटिल, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री गहेश गौतम, जिला परियोजना समन्वयक श्री महेश बघेल एवं विषय विशेषज्ञ निर्णायकों के साथ प्रत्येक मॉडल एवं गतिविधि का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से मॉडलों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी ली और उनके नवाचारी प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि बच्चों को अपने आसपास के परिवेश एवं पर्यावरण में उत्पन्न समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान की दिशा में सोच विकसित करनी चाहिए। यही सोच उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन्म देती है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले उपकरणों और उनके कार्य सिद्धांतों की समझ बच्चों में जिज्ञासा और ‘करके सीखने’ की प्रवृत्ति को मजबूत करती है।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तर से प्रत्येक विधा में 02-02 विद्यार्थियों का चयन जोन स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जो जबलपुर में आयोजित प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं विचार संगोष्ठी के लिए 01 छात्र एवं उनके मार्गदर्शी शिक्षक का चयन जोन स्तर हेतु किया जाएगा।
जिला स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी के सफल आयोजन में प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री महेश गौतम, जिला परियोजना समन्वयक श्री महेश बघेल एवं समग्र शिक्षा अभियान, जिला सिवनी की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।