संघर्ष की जीत: किसान परिवार के बेटे थामेंद्र पटले का CISF में चयन

16 Jan, 2026 23 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट। जिले के बिरसा तहसील के ग्रामीण अंचल ग्राम पंचायत बिठली के ग्राम मुंडघुसरी के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है। कृषक परिवार में जन्मे तारासिंह पटले के छोटे सुपुत्र थामेंद्र पटले का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) में चयन हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। थामेंद्र की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का प्रतिफल माना जा रहा है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर सीआईएसएफ जैसे प्रतिष्ठित अर्धसैनिक बल में चयनित होना आसान नहीं होता, लेकिन थामेंद्र पटले ने अपने लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। बताया जाता है कि उन्होंने नियमित अध्ययन, शारीरिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के बल पर प्रतियोगी परीक्षा की सभी चुनौतियों को पार किया।
जैसे ही उनके चयन की सूचना गांव पहुंची, परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर बधाइयाँ दीं और मिठाइयाँ बांटी गईं। ग्रामीणों का कहना है कि थामेंद्र की यह सफलता गांव के लिए ऐतिहासिक है और इससे क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनी है। इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी नया उत्साह और जोश देखा जा रहा है। युवा वर्ग थामेंद्र पटले को प्रेरणास्त्रोत मानते हुए देश सेवा के लिए आगे आने की बात कर रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी थामेंद्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवा कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि थामेंद्र पटले की यह सफलता यह संदेश देती है कि सच्ची लगन, मेहनत और अनुशासन के बल पर ग्रामीण अंचल का युवा भी देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकता है।