जनपद पंचायत के न्यू कॉम्प्लेक्स में मिली युवक की लाश...पुलिस जांच में जुटी मौत के कारणों का किया जा रहा पता..!
17 May, 2026
986 व्यूज
नायक दर्पण/सिवनी
सिवनी जनपद पंचायत के न्यू कॉम्प्लेक्स परिसर में एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शुभम माथुर के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा पुलिस मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक लंबे समय से नशे का आदी बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक वह अक्सर न्यू कॉम्प्लेक्स परिसर में ही रात गुजारता था। लोगों ने उसे संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों ने कॉम्प्लेक्स परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!